जामताड़ा साइबर अपराध थाना ने छापेमारी कर 4 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। मंगलवार देर शाम एसपी एहतेशाम बकारीब ने यह जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना के इंस्पेक्टर जयन्त तिर्की के नेतृत्व में इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी, एएसआई प्रशांत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी के साथ छापेमारी की गई। छापेमारी नारायणपुर थानान्तर्गत ग्राम मिरगा में की गई। इसमें चार साईबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक के नाबालिक होने पर उसे निरूद्ध किया गया है। तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में रवि कुमार मंडल, विकास कुमार मंडल तथा सिकंदर मंडल शामिल है। इनके पास से 8 मोबाईल, 9 सिमकार्ड, 8 बाइक बरामद किया गया है। इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साईबर अपराध थाना कांड संख्या 74/24 दर्ज कर जेल भेजा गया है।