जामताड़ा में 64. 78 % मिहिजाम में 60.41% मतदान

भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को मिहिजाम नगर परिषद व जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जामताड़ा नगर पंचायत में 61. 45% मतदान हुआ, वहीं मिहिजाम नगर परिषद में 60.14% मतदान हुआ। जिले के दोनों नगर निकायों के कुल 67 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक जारी रहा। चुनाव में मिहिजाम नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 16 तथा पार्षद पद के लिए 65 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 6 एवं वार्ड पार्षद पद के 47 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद ने बताया कि मिहिजाम नगर परिषद के 39 मतदान केंद्रों पर कुल 37,056 मतदाता हैं तथा जामताड़ा नगर पंचायत के 28 मतदान केंद्रों पर 26,467 मतदाता हैं। सभी केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। मतदाताओं की सहायता के लिए स्वयंसेवक भी तैनात रहे। दोनों नगर निकायों में कुल 20 वार्ड (मिहिजाम) एवं 16 वार्ड (जामताड़ा) के लिए मतदान संपन्न कराया गया। जामताड़ा नगर पंचायत में 4 सामान्य, 16 संवेदनशील एवं 8 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए थे। वहीं मिहिजाम नगर परिषद में 10 सामान्य, 23 संवेदनशील एवं 6 अति संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए थे। अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती की गई थी। किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। दोपहर तक बढ़ी रफ्तार, 3 बजे तक 50% मतदान नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को मिहिजाम नगर परिषद एवं जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया और समय के साथ मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह 9:00 बजे तक मिहिजाम नगर परिषद में 9.83 प्रतिशत तथा जामताड़ा नगर पंचायत में 10.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद सुबह 11:00 बजे तक मिहिजाम में 22.67 प्रतिशत और जामताड़ा में 24.09 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर 1:00 बजे तक यह आंकड़ा और बढ़कर मिहिजाम में 36.23 प्रतिशत तथा जामताड़ा में 38.19 प्रतिशत पहुंच गया। अपराह्न 3:00 बजे तक मतदान ने और रफ्तार पकड़ी। इस समय तक मिहिजाम नगर परिषद में 49.19 प्रतिशत तथा जामताड़ा नगर पंचायत में 52.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जामताड़ा नगर पंचायत में मतदान प्रतिशत मिहिजाम की तुलना में अधिक रहा। मतदान शाम 5:00 बजे तक जारी रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *