कस्बे के बीचोंबीच लगने वाले रोजाना के जाम से अब राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने 9.34 किलोमीटर लंबे बाईपास को स्वीकृति दे दी है। इस पर 29 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। निर्धारित प्रस्ताव के अनुसार बाईपास मार्ग स्टेट हाइवे संख्या 14 अलवर रोड स्थित ढंडाका से शुरू होकर फतेहपुर रोड-नीमकी, खेड़ली रोड स्थित साईं मंदिर, नदबई रोड के डेहरी बांध, सारंगपुर, सुंदरावली रोड-दलमा और भानपुर होते हुए डीग सडक मार्ग से जुड़ेगा। इससे चक सुंदरावली के गैर आबादी क्षेत्र को छोड़कर कस्बा नगर सहित 9 गांवों के 34,572 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। भारी वाहनों का दबाव कम होने से इन्दिरा सर्किल से डीग चुंगी तक जाम की समस्या में कमी आएगी। पिछले 9 माह से 10 गांवों की रजिस्ट्री पर रोक लगी 2 जुलाई से कस्बा नगर सहित 10 गांवों के करीब 255 खसरा नंबरों की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई। रोक वाले खसरों में सुंदरावली के 67, ढंडाका के 28, सारंगपुर के 45, कस्बा नगर के 51, नीमकी के 28, चक सुंदरावली के 4, नगला रामरतन के 9, फिरासका के 19, चिरावल गुर्जर के 3 और भानपुर का 1 खसरा संख्या शामिल है। यादव ने कहा- टेंडर प्रक्रिया पूरी “कस्बा नगर में 9.34 किलोमीटर की दूरी के बाईपास रोड निर्माण को 29 करोड की राशि स्वीकृत की गई है। ऐसे में निविदा संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। कार्य आदेश जारी कर शीघ्र ही बाइपास रोड का निर्माण शुरू कराया जाएगा।”
-कमल कृष्ण यादव कनिष्ठ अभियंता (पीडब्लूडी)


