जालंधर कुंज : युवती से छेड़छाड़ के मामले में 2 पक्ष भिड़े, 2 घायल

भास्कर न्यूज | जालंधर थाना मकसूदां के अधीन जालंधर कुंज इलाके में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तेजधार हथियार तक निकल आए और दोनों ओर से हमला किया गया। घटना में दो लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार झगड़ा अकाली दल नेता एचएस वालिया और दविंदर कंवर के पक्ष के बीच हुआ। वालिया ने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले उनके इलाके के एक परिवार ने दविंदर कंवर के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया था। जमानत पर बाहर आने के बाद से दविंदर कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए धमकियां दे रहा था और जान से मारने की बात कह रहा था। वालिया के मुताबिक शनिवार को दविंदर कंवर चार साथियों के साथ शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और बाद में उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि कार से उतरते ही आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें उनका एक साथी घायल हो गया। हालात बिगड़ते देख वालिया ने गाड़ी का हूटर बजाया, जिस पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि दविंदर को काबू कर लिया गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती दविंदर के साथी ने पलट आरोप लगाते हुए कहा कि वालिया पक्ष ने उन पर हमला किया, जिसमें दविंदर गंभीर रूप से घायल हुआ। थाना मकसूदां के प्रभारी सुरेश भगत ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं दी गई है। 112 नंबर पर सूचना मिली थी। एमएलआर रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस शांति बनाए रखने के लिए नजर रखे हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *