जालंधर के सरकारी स्कूल में छात्रा का सुसाइड:मैडम ने पिता को कहा-आपकी बेटी चोर है, छात्रा ने लगा लिया फंदा; चोर कोई और निकली

जालंधर के नूरपुर स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। छात्रा की पहचान खुशप्रीत (19) के तौर पर हुई है। वह सुबह 11 बजे के करीब स्कूल 12वीं की परीक्षा का रोल नंबर लेने आई थी। परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का शक जताया है।
परिजनों के अनुसार, खुशप्रीत घर से स्कूल रोल नंबर लेने गई थी। परिवार का आरोप है कि स्कूल में एक मैडम ने उस पर चोरी का आरोप लगाया, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया। बाद में चोर कोई अन्य छात्रा निकली। खुशप्रीत के पिता जरनैल सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर जांच की जा रही है। इस केस में जिस किसी की भी गलती सामने आई उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुसाइड मामले में स्कूल स्टाफ के भी बयान लिए जा रहे हैं। मैडम ने 15 मिनट में दो बार फोन किया
पिता जरनैल सिंह ने बताया कि उन्हें शिवानी नामक एक टीचर के नंबर से फोन आया था। पहली कॉल में खुशप्रीत ने कहा कि उस पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया, जिसमें बताया गया कि किसी और छात्रा ने चोरी की थी और उसका पता चल गया है। करीब 15 मिनट बाद फिर उसी नंबर से फोन आया और बताया गया कि जिस लड़की ने टीचर के पर्स से पैसे चुराए थे, वह कोई और है और उसे पकड़ लिया गया है।
बेटी का शव देख सदमे में पिता
इसके बाद खुशप्रीत के पिता मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी का शव देखकर सदमे में आ गए। स्कूल स्टाफ की सुनीता मैडम ने बताया कि बच्चों के शोर मचाने पर जब वे कमरे की तरफ गए, तो एक कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ मिला। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रिंसीपल बोले-जानकारी नहीं टीचर ने क्या कहा
इस घटना को लेकर प्रिंसिपल ने कहा कि उन्हें टीचर शिवानी की परिवार को चोरी के संबंध में फोन करने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद उनकी टीचर से मुलाकात नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *