जालंधर के सूर्या एनक्लेव के खाली प्लॉट में मिला सिर:कटा सिर मिलने से सनसनी, कुत्ते के मुंह में खोपड़ी देख सहमे लोग, जांच जारी

जालंधर के पॉश इलाके सूर्या एनक्लेव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक खाली प्लॉट में क्षत-विक्षत हालत में एक सिर (खोपड़ी) बरामद हुआ। स्थानीय निवासियों ने एक कुत्ते को मुंह में यह सिर दबाए घूमते देखा, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और पूर्व पार्षद मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद अवशेष किसी इंसान के बच्चे का है या किसी जानवर का। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुला लिया है और जांच जारी है। जालंधर के सूर्या एनक्लेव इलाके में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक खाली पड़े प्लॉट में कटी हुई खोपड़ी मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व पार्षद शैली खन्ना मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि अशोक नाम के एक स्थानीय निवासी ने उन्हें फोन कर सूचना दी थी कि इलाके में एक कुत्ता किसी बच्चे जैसा दिखने वाला सिर लेकर घूम रहा है। इस खबर के फैलते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। बेहद खौफनाक था मंजर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कुत्ते के मुंह में एक छोटा सिर देखा था। चश्मदीद ने बताया कि सिर की हालत बेहद खराब थी और उसका दिमाग साफ दिखाई दे रहा था, जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। शुरुआत में डर के मारे वह वहां से चले गए, लेकिन फिर हिम्मत जुटाकर वापस आए और पार्षद को जानकारी दी। पूर्व पार्षद शैली खन्ना ने बताया कि कुत्तों ने खोपड़ी के कुछ हिस्से को बुरी तरह खा लिया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस और फॉरेंसिक जांच सूचना पाकर थाना रामामंडी की पुलिस टीम एएसआई सतनाम सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह खोपड़ी किसी इंसान की है या जानवर की। एएसआई सतनाम सिंह ने बताया की फिलहाल खोपड़ी को कब्जे में ले लिया गया है, लेकिन कुछ भी स्पष्ट नहीं है। हमने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को बुला लिया है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि यह अवशेष किसके हैं और यह यहां कैसे पहुंचे। इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता इस घटना के बाद सूर्या एनक्लेव और आसपास के इलाकों में लोग डरे हुए हैं। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई व्यक्ति वहां संदिग्ध हालत में तो नहीं देखा गया या कोई कुत्ता इसे कहीं बाहर से तो नहीं लाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और रिपोर्ट आने का इंतजार करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *