जालंधर के रामामंडी इलाके में बाबा बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास स्थित मार्केट में 3 दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जहां एक चोर नकदी लेकर फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बता दे कि दुकान मालिकों को रविवार सुबह अपनी दुकानों पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना थाना रामामंडी की दकोहा पुलिस चौकी को दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।दकोहा निवासी गौरव शर्मा ने बताया कि वह पिछले चार साल से बाबा बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा के पास ‘मोबाइल कैंपस’ नाम से दुकान चला रहे हैं। दुकान का शटर तोड़कर चोरी शनिवार रात को वह अपनी दुकान बंद करके गए थे। रविवार सुबह पड़ोसी दुकानदारों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर गौरव ने देखा कि दुकान के गल्ले से 55 हजार रुपए की नकदी गायब थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दिखा चोर गौरव शर्मा ने दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक चोर वारदात को अंजाम देकर भागता हुआ दिखाई दिया। बाद में उन्हें पता चला कि चोर ने उनकी दुकान के साथ-साथ मार्केट की दो अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया था। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


