जालंधर में गुरूवार रात करीब 11:30 बजे केएमवी कॉलेज के पास एक बाइक सवार व्यक्ति से लूटपाट की घटना सामने आई है।जहां तीन लुटेरों ने तेजधार हथियारों के बल पर व्यक्ति का मोबाइल फोन और 8,000 रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने उसे धमकाया और मौके से फरार हो गए। बता दे कि यह घटना तब हुई जब दुग्गल रेस्टोरेंट का एक कर्मचारी रेस्टोरेंट बंद कर अपने घर लौट रहा था। केएमवी कॉलेज के पास पहुंचने पर तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। लुटेरों ने तेजधार हथियार दिखाकर उसे डराया और उससे मोबाइल तथा नकदी छीन ली। पीड़ित के शोर मचाने के बावजूद लुटेरे भागने में सफल रहे।
हथियार के बल पर युवक से लूट वारदात के बाद घटनास्थल से गुजर रहे लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एसीपी नॉर्थ अशोक मीना और थाना आठ की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसीपी नॉर्थ अशोक मीना ने बताया कि पुलिस टीम जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। युवती से मोबाइल और पर्स छीनकर बदमाश फरार इसी इलाके में 10 घंटे के भीतर यह दूसरी वारदात है। इससे पहले, केएमवी कॉलेज से लगभग 900 मीटर दूर किशनपुरा रोड पर दिनदहाड़े एक युवती से लूट हुई थी। रामामंडी निवासी दिव्या नामक युवती जब अपने दफ्तर से लौट रही थी, तब एक्टिवा सवार दो लड़कों ने उसे रोककर हथियार दिखाकर उसका पर्स छीन लिया था। पर्स में मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे। लोगों ने की गश्त बढा़ने की मांग इन लगातार वारदातों से इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि लुटेरों में अब पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


