जालंधर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित हंगामे और देश की छवि खराब करने की गतिविधियों के विरोध में किया गया। भाजपा युवा मोर्चा ने जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन के बाहर यह विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व विधायक केडी भंडारी और जिला प्रधान सुशील शर्मा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। पूर्व विधायक बोले- कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरकतों से मन को ठेस पहुंची पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि दिल्ली में एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरकतों से हर भारतीय के मन को ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ‘गंदी सोच और नीयत’ अब सबके सामने आ गई है। अंगुराल ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन को घेरने का प्रयास किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका। शीतल अंगुराल जोर देकर कहा कि एआई समिट भाजपा का नहीं, बल्कि देश का कार्यक्रम था, जिसमें सात देशों के प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवा नेताओं की इस हरकत की विश्व भर में निंदा हो रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर देश को तोड़ने की बात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति को नेता प्रतिपक्ष बनने का कोई अधिकार नहीं है।


