जालंधर में लोगों ने लुटेरे को पकड़कर छित्तर परेड की। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उसे थाने भेज दिया गया। देर रात सिटी के मकसूदां एरिया में कुछ युवकों ने संदिग्ध को घूमते हुए रोका और उससे पूछताछ की। रोकने पर युवक इधर-उधर बात को घुमाने लगा जिस पर इलाके के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान उसकी तलाशी ली तो जेब से छुरा निकला। लोगों ने बताया कि उन्होंने इस युवक को एक प्रवासी को रोककर लूटने का प्रयास करते देख लिया था जिससे इस पर शक गहरा गया। तलाशी में जब छुरा मिला तो उसकी पिटाई की गई लेकिन युवक ने कुछ भी सच नहीं उगाला।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को 112 नंबर पर कॉल लगा दी। मौके पर पहुंची पीसीएआर टीम युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने कहा कि थाने जाकर इससे पूछताछ की जाएगी। युवक ने अपना नाम करनजीत बताया है। लोग बोले-मोहल्ले में हो रही चोरियां, कुछ दिन पहले एक्टिवा ले गए
युवक को पकड़कर खड़ी भीड़ में से कुछ लोगों ने बताया कि इस इलाके में बीते कुछ दिनों से लगातार चोरियां हो रही हैं। इस युवक को मोहल्ले में पहले भी घूमते हुए देखा गया है। कुछ दिन पहले ही यहां से नई एक्टिवा चोरी हो गई है। इसकी चेब से छुरा निकला है। आरोप युवक भीड़ से बचने के लिए ये कहता रहा कि वह चोर नहीं है। इस पर लोगों ने पूछा कि अगर चोर नहीं हो तो इतना बड़ा छुरा जेब में लेकर क्यों घूम रहे हो।
पीसीआर कर्मी चरनजीत बोले-पूछताछ के बाद कार्रवाई होगी
डायल 112 पर शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मी चरनजीत ने युवक के कब्जे से मिला चाकू जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी युवको को थाने ले गए। पीसीआर कर्मी ने बताया कि युवक को थाने ले जाकर पूछा जाएगा कि ये चाकू कहां से आया है और वह रात को क्यों बाहर घूम रहा था। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


