जालंधर के नूरपुर कॉलोनी में 44 वर्षीय विशाल दीप ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव पंखे से लटका मिला। पुलिस को शव के पास से एक शराब की बोतल भी बरामद हुई है। जानकारी के अनुसार, विशाल दीप अपने कमरे में थे, जबकि उनका बेटा आशीष अपनी मां के साथ दूसरे कमरे में था। वहीं जब आशीष अपने पिता के कमरे में गया, तो उसने विशाल दीप का शव पंखे से लटका देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने थाना आठ की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। कुछ समय से परेशान चल रहा था शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। थाना आठ के प्रभारी स्टाइल चौधरी ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से नूरपुर कॉलोनी में आत्महत्या की सूचना मिली थी। जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह ने प्राथमिक जांच में पाया कि विशाल दीप पिछले कुछ समय से परेशान चल रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की थी। आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता पुलिस टीम को शव के पास से एक शराब की बोतल भी मिली है। मृतक के बड़े भाई गुरमीत सिंह, जो अमृतसर के रहने वाले हैं, ने बताया कि दो दिन पहले विशाल उनसे मिलकर घर लौटे थे। उन्हें बीती रात भाई की आत्महत्या की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई गुरमीत सिंह के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।


