जालंधर के अमरदास नगर में शराब पीने से रोकने पर युवकों ने परिवार पर ईंट-पत्थरों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के 4 सदस्य घायल हो गए। मारपीट की यह घटना घर पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल अस्पताल में मौजूद राघव धीर ने बताया कि उन्होंने 8 महीने पहले अमरदास नगर में घर लिया था। उनके घर के बाहर कुछ युवक शराब पी रहे थे। जब युवकों को वहां से हटने और शराब पीने से मना किया, तो आरोपियों ने गला पकड़ लिया। इसके बाद गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। नशे में घर पहुंचे, हमला कर भागे
पीड़ितों के अनुसार, युवक नशे में थे, जिसके कारण विवाद बढ़ गया और वे घर तक पहुंच गए। परिवार ने हमले की सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के सामने भी युवकों ने परिवार पर ईंटों से हमला किया और फिर वहां से भाग गए। फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


