जालंधर से संबंध रखने वाले प्रसिद्ध सूफी गायक एवं भाजपा के पूर्व सांसद हंस राज हंस की पत्नी रेशम कौर का बीते दिनों निधन हो गया था। आज उनके परिवार से दुख साझा करने के लिए पंजाबी गायक गुरदास मान जालंधर पहुंचे। जहां हंस राज हंस के साथ मिलकर दुख साझा किया। करीब पांच दिन पहले ही रेशम कौर के लिए अंतिम अरदास की गई। बीते दिनों सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी परिवार से मिलने के लिए जालंधर पहुंचे थे। अंतिम विदाई में श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य के सीएम भगवंत सिंह मान, पंजाबी कलाकार बिन्नू ढिल्लों, जी खान, केएस मक्खन, कौर बी, सतिंदर सत्ती, अमर नूरी, हैप्पी संघा और गुरप्रीत सिंह घुग्गी सहित अन्य कलाकार पहुंचे थे। हृदय संबंधी बीमारी के चलते निधन जानकारी के अनुसार, हंस राज हंस की पत्नी रेशम कौर लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। कुछ समय से वह जालंधर के टैगोर अस्पताल में भर्ती थीं। हाल ही में बीमारी के चलते उनके स्टंट भी डाला गया था। इसके बाद भी उन्हें कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ा था। अब 62 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली है। दिल्ली से BJP के सांसद रहे हंस राज हंस पंजाबी सूफी गायक हंस राज हंस मूल रूप से जालंधर के गांव शफीपुर के रहने वाले हैं। उनका जन्म 9 अप्रैल 1962 में हुआ था। पंजाब के सूफी गायकों में हंसराज हंस अपने समय पर पहले नंबर पर थे। वह गायक हुए नुसरत फतेह अली खान के साथ भी गाना गा चुके हैं। अकाली दल से शुरू की सियासत, अब BJP में हंस राज हंस ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सदस्य के रूप में की थी। जालंधर से 2009 का लोकसभा चुनाव लड़े थे, जिसमें वह हार गए। इसके बाद वह कांग्रेस के साथ जुड़ गए थे, जहां उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिला। इसके बाद वह BJP में शामिल हुए।