जालंधर में 19 लाख रुपये की लूट का खुलासा:बीमा क्लेम के लिए पति-पत्नी ने रची थी साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार

जालंधर पुलिस ने अर्बन स्टेट इलाके में हुई 19 लाख रुपये की लूट का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने खुलासा किया कि यह लूट एक दंपति ने बीमा क्लेम हासिल करने के लिए करवाई थी। एडीसीपी हरविंदर सिंह गिल ने बताया कि 6 फरवरी को बैंक एन्क्लेव निवासी प्रिया वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रिया ने बताया था कि वह अपने पति के साथ बैंक से 19 लाख 10 हजार रुपये निकालकर किसी व्यक्ति को देने जा रही थीं। इसी दौरान अर्बन एस्टेट फेज-2 में एलजी स्टोर के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनके हाथ से पैसों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। थाना सात के प्रभारी एसआई बलजिंदर सिंह की टीम ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा जांच के दौरान पुलिस ने खुरला किंगरा निवासी भीमा उर्फ फूल कुमार और अभि को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह पूरी वारदात प्रिया वर्मा और उनके पति रामानंद की साजिश थी। योजना के तहत, उन्हें एलजी स्टोर के पास से प्रिया के हाथ से खाली बैग छीनकर भागना था, ताकि बाद में 19.10 लाख रुपये की लूट का मामला दर्ज करवाकर बीमा राशि प्राप्त की जा सके। आरोपियों ने बैग छीनने के बाद उसे रास्ते में फेंक दिया था। इस काम के बदले प्रिया ने दोनों आरोपियों को 7000 रुपये दिए थे, जिसे उन्होंने आपस में बांट लिया। पुलिस के अनुसार, जब प्रिया को यह शक हुआ कि पुलिस गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार कर सकती है, तो उसने उन्हें जालंधर से बाहर भेज दिया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *