जालोर के नया राम गांव के पास कुंडलाई नाड़ी के खेत में किसान पर अज्ञात जानवर ने हमला कर दिया। भाद्राजून थाना क्षेत्र में लेपर्ड के पगमार्क मिलने के बीच 48 साल के किसान के घायल होने के बाद वन विभाग की टीम तलाश में जुटी है। जालोर के नया राम और रामा गांव के आसपास शनिवार शाम करीब 6.30 बजे सिंचाई कर रहे किसान पर पीछे से हमला हुआ। घायल को हॉस्पिटल में इलाज कराया गया और रात भर टीम पगमार्क के आधार पर सर्च करती रही। सिंचाई करते समय पीछे से हमला जानकारी के अनुसार जालोर के नया राम गांव के पास कुंडलाई नाड़ी स्थित खेत में शनिवार देर शाम करीब 6.30 बजे रामा निवासी भवरलाल पुत्र चुनाजी मीणा, 48 साल, सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से कुत्ते जैसे दिखने वाले अज्ञात जानवर ने उन पर हमला कर दिया। जानवर ने उनके पेट, हाथ और पैर पर वार किया। हमले से वह घायल होकर गिर गए, जिसके बाद जानवर मौके से भाग गया। परिवार को दी सूचना, हॉस्पिटल में इलाज घायल भवरलाल ने घटना के बाद परिवार के लोगों को सूचना दी। परिजन उन्हें हॉस्पिटल लेकर गए, जहां इलाज कराया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल से जानवर के बारे में जानकारी ली। हालांकि हमले में घायल होने के कारण वह जानवर की पहचान नहीं कर पाए कि वह कौन सा जानवर था। लेपर्ड के पगमार्क मिलने से बढ़ी सतर्कता ग्रामीणों के अनुसार भाद्राजून थाना क्षेत्र के खेतों और आबादी क्षेत्र में पिछले दो दिन से लेपर्ड के पगमार्क मिलने के साथ उसका मुवमेंट देखा गया है। कुछ ग्रामीणों ने नया राम गांव में झाड़ियों में बैठे जानवर को देखने का दावा भी किया है। सूचना पर वन विभाग ने दो दिन तक पिंजरा लगाकर उसमें कुत्ता डालकर ट्रैप लगाने की कोशिश की थी। रात भर सर्च, पगमार्क के आधार पर तलाश घटना के बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी भागीरथ सिंह, भाद्राजून नाका प्रभारी रूपाराम, वन रक्षक भवरलाल और अचलसिंह सहित टीम ग्रामीणों के साथ रात भर इलाके में तलाश करती रही। सुबह फिर भोलड़ा और राम के बीच पगमार्क के आधार पर जानवर की तलाश की जा रही है। क्षेत्रीय वन अधिकारी भागीरथ सिंह ने बताया कि कुछ ग्रामीण लेपर्ड देखने का दावा कर रहे हैं और पगमार्क भी लेपर्ड के लग रहे हैं, लेकिन टीम ने अभी तक खुद जानवर को नहीं देखा है। तलाश जारी है, पुष्टि होने पर रेस्क्यू किया जाएगा। यह खबर भी पढ़े… जालोर में ग्रामीण बोले-झाड़ियों में छुपा है लेपर्ड:6 घंटे कोई हरकत नहीं; वन विभाग ने वहीं लगाया पिंजरा, कहा-सावधान रहें


