जालोर के रामा गांव में लेपर्ड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। जिले के भाद्राजून थाना इलाके के इस गांव के लोगों ने वन विभाग को सूचना दी कि रामा गांव के पास डोला नाड़े के पास लेपर्ड का मूवमेंट है। हालांकि अधिकारियों ने लेपर्ड के होने की पुष्टि नहीं की लेकिन सावधानी बरती जा रही है। वन विभाग भाद्राजून नाका प्रभारी रूपाराम देवासी ने बताया- ग्रामीणों ने दावा किया कि शुक्रवार सुबह उन्होंने लेपर्ड के पगमार्क देखे। इसके बाद उन्होंने हमें सूचना दी। सूचना पर विभाग के 4 लोगों की टीम मौके पर पहुंची। वहां किसानों ने बताया कि लेपर्ड एक खेत में कैर की सघन झाड़ियों के अंदर हो सकता है। 6 घंटे तक नहीं हुआ मूवमेंट प्रभारी रूपाराम देवासी ने बताया- दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक हमने झाड़ियों की निगरानी की लेकिन लेपर्ड का कोई मूवमेंट नहीं देखा गया। लेकिन ग्रामीणों के दावे को देखते हुए वहां पिंजरा लगा दिया गया है। वन विभाग के कर्मचारी निगरानी रखे हुए हैं। कोई मूवमेंट होने पर शनिवार सुबह जोधपुर से ट्रेंकुलाइज करने के लिए टीम को बुलाया जाएगा। तब तक ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।


