जालोर में जल्द ही नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों की अस्थाई तौर पर भर्ती की जाएगी। फिजिकल फिटनेस व दक्षता परीक्षण में उपस्थित हुए अस्थाई रूप से चयनित आवेदकों का 10 दिवसीय बुनियादी एवं सेवा प्रशिक्षण 19 से 28 फरवरी तक शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम में होगा। इसका समय सुबह 9 बजे से रहेगा। जिला कलेक्टर डॉ प्रदीप के. गवांडे ने बताया- जिले में नए नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों की तैनाती की जानी है। इसे देखते हुए फिजिकल फिटनेस और दक्षता परीक्षण में उपस्थित हुए आवेदकों का अस्थाई रूप से चयन किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार- ट्रेनिंग के लिए समूह ‘ए’ में 1 से 215 तक, समूह ‘बी’ में 216 से 430 तक और समूह ‘सी’ में 431 से 647’ तक प्रशिक्षणार्थी रखे गए हैं। समस्त प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित समय पर स्टेडियम जालोर में पीटी ड्रेस (व्हाइट टी-शर्ट, लॉवर, शूज) में उपस्थित होना होगा। प्रशिक्षणार्थियों को 10 दिवसीय पूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करना जरूरी रहेगा। ट्रेनिंग के अभाव में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में अंतिम चयन किया जाना संभव नहीं होगा। बुनियादी व सेवा प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को किसी भी प्रकार का मानदेय, प्रशिक्षण भत्ता व यात्रा भत्ता इत्यादि देय नहीं होगा। प्रशिक्षणार्थियों की सूची जिला जालोर की वेबसाइट https://jalore.rajasthan.gov.in पर देखी जा सकती है।


