भास्कर न्यूज | जालोर राज्य सरकार की ओर से 10 जुलाई 2024 को जारी बजट में जालोर के लिए स्टोन मंडी की घोषणा की थी। इस दौरान उसके साथ जालोर-झालावाड़ा के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की भी घोषणा हुई थी। ऐसे में रीको की ओर से बेहतर विकल्प के तौर पर एक साल तक एक्सप्रेस-वे या एनएच के पास जमीन तलाशकर स्टोन मंडी स्थापित करने का प्लान था, लेकिन एक साल तक एक्सप्रेस-वे का प्लान धरातल पर नहीं उतर पाया। वहीं एनएच 325 के पास भी जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई। ऐसे में रीको ने जालोर में औद्योगिक क्षेत्र तृतीय चरण खुद की जमीन पर 10 हजार वर्ग मीटर में स्टोन मंडी स्थापित करने को लेकर प्लान तैयार किया। इसे लेकर डिजाइन तैयार कर प्रपोजल को स्वीकृति के लिए भेजा। इसे लेकर रीको को मंजूरी भी मिल चुकी है और अप्रेल में नीलामी शुरू कर दी जाएगी। इसलिए जरूरी… घट रही ग्रेनाइट इकाइयां : जालोर को ग्रेनाइट सिटी के रूप में पहचान मिली हुई है, लेकिन देश के विभिन्न हिस्सों से सीधी रेल या हाइवे कनेक्टिविटी नहीं होने से ग्रेनाइट इकाइयां अब धीरे-धीरे घटने लगी है। जहां 2021-22 में जालोर में फैक्ट्रियां करीब 1500 थी, वहीं अब घटकर इनकी संख्या 1200 के आसपास पहुंच गई है। कई उद्यमी अब अपने उद्योग को किशनगढ़ में शिफ्ट कर रहे हैं। ऐसे में स्टोन मंडी स्थापित होने से खरीददार सीधे एक ही जगह पर जालोर ग्रेनाइट के विभिन्न प्रोडक्ट देखने के साथ सीधा कम्यूनिकेशन कर पाएंगे। ^स्टोन मंडी के प्रपोजल को अप्रूवल मिल गई है। अब अप्रेल में प्लॉट्स की नीलामी शुरू कर देंगे। इसके एक तरफ रोड पहले से ही शुरू है और प्रपोजल के अनुसार इस पर 7 प्लॉट है, इसलिए ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। – दिलीप कुमार झा, एसआरएम, रीको जालोर हेमेन्द्र भंडारी, पूर्व सचिव, ग्रेनाइट एसो. 10 हजार वर्ग मीटर में करीब 500-600 वर्ग मीटर के 16 प्लॉट को नीलामी के तहत बेचा जाएगा। इससे एक ही स्थान पर ग्रेनाइट के सभी कलर और उत्पाद का प्रदर्शन किया जा सकेगा और ग्राहकों को बिना भटके उत्पाद के बारे में सम्पूर्ण जानकारी मिल सकेगी। जालोर में वर्तमान में करीब 50-70 तरह के कलर और वेरायटी का उत्पादन होता है। इसके अलावा ग्रेनाइट विकास के लिए जालोर में ट्रांसपोर्ट नगर, ग्रेनाइट स्लैब पर जीएसटी को 18% से 5% करने, पाउडर स्लरी के लिए डंपिंग यार्ड का आवंटन समेत भागली और अन्य क्षेत्रों में डीएलसी की दर को कम करना चाहिए। रीको की ओर से बनाए प्रपोजल के अनुसार थर्ड फेज में जालोर-भीनमाल रोड पर 2 ब्लॉक में स्थापित होगा। 10 हजार वर्ग मीटर में कियोस्क, दुकानें, विजिटर और लोडिंग के लिए 2 पार्किंग समेत एक फ्यूल स्टेशन होगा। इनमें से 6 दुकानें व 1 फ्यूल स्टेशन जालोर-भीनमाल रोड पर है। इसके साथ ही 18 मीटर चौड़े रोड होंगे। लोडिंग वाहनों के पार्किंग में 32 ट्रेलर, 45 ट्रकों की जगह रहेगी।


