जालोर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 780 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार में सवार तस्कर पुलिस को देख वाहन को तेज गति से भगाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन जब्त कर लिया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पीछा कर पकड़ी स्कॉर्पियो थानाधिकारी बलदेव राम ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 2 मार्च की देर रात पुलिस गश्त के दौरान बागोड़ा की ओर से एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को तेज गति से भगाकर ले गया। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर नाकाबंदी कराई। बिजलियां सरहद के पास स्कॉर्पियो को घेरकर रोक लिया गया। हालांकि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। वाहन से मिला अवैध मादक पदार्थ वाहन की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के कट्टों में भरा 47.780 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया। वाहन स्वामी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश जारी है और क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में शामिल टीम इस कार्रवाई में थानाधिकारी बलदेव राम के साथ एएसआई नरसाराम, हेड कांस्टेबल राजूराम तथा कांस्टेबल मसराराम, बाबूराम, रमेश कुमार, किशनाराम, शांतिलाल और श्रवण कुमार शामिल रहे।


