जालोर शहर सहित जिले पांच दिन बाद रविवार को धूप खिली है। उत्तरी हवा 10 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही है। बादल छंटने के बाद रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। जालोर में कोहरा छाया रहने व बादलों की आवाजाही के चलते 5 दिन बाद रविवार को मौसम साफ हुआ। धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। कुछ दिनों से जालोर में 10 से 12 किमी की गति से ठंडी हवा चल रही है। सोमवार को हवा ने सर्दी का असर बढ़ा दिया। रविवार को आसमान साफ होने के बाद रात का तापमान 3.1 डिग्री गिर गया। सोमवार सुबह जालोर का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया है। दिन के तापमान में 0.7 डिग्री बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया है। शनिवार को रात का तापमान 10.2 डिग्री व दिन का तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञ आनंद कुमार शर्मा ने बताया- प्रदेश में पिछले दो से तीन दिनों में कई जिलों में बारिश हुई है। जालोर-सांचौर में शीतलहर का प्रभाव जारी रहेगा। जिसे सर्दी में बढ़ोतरी होने की संभावना है। रात का तापमान 5 डिग्री व दिन का तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास दर्ज होने की संभावना है।


