मनेंद्रगढ़ निवासी 21 वर्षीय जिनेश जैन ने कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA) की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश के सबसे कम उम्र के CMA बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि से उन्होंने मनेंद्रगढ़ नगर और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। CMA परीक्षा देश की प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें सफलता के लिए विषयों की गहरी समझ, अनुशासन और निरंतर अध्ययन की आवश्यकता होती है। जिनेश ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर कम उम्र में यह मुकाम हासिल कर यह साबित किया है कि प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। ‘जिले के लिए बड़ी उपलब्धि’ जिनेश जैन, जो राजेश कुमार जैन कतेला के पुत्र हैं, की इस सफलता से उनका परिवार, समाज और क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह खबर फैलते ही नगर और आसपास के क्षेत्रों से बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने इसे मनेंद्रगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। क्षेत्रवासियों ने दी बधाई स्थानीय लोगों का मानना है कि जिनेश की यह सफलता अन्य युवाओं को भी कड़ी मेहनत और सही लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। क्षेत्रवासियों, समाज के वरिष्ठजनों और शुभचिंतकों ने जिनेश जैन को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


