जिला अस्पताल में ट्रोमा-ओटी 24 घंटे चालू करने पर चर्चा:मेडिकल कॉलेज में विधायक-कलेक्टर ने ली आयुष्मान योजना की समीक्षा बैठक

चूरू मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की त्रिमासिक समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा और विधायक हरलाल सहारण ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध डीबी अस्पताल में योजना के तहत हुए रोगियों के इलाज पर चर्चा की। बैठक में जिला कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार और अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी से बिंदुवार जानकारी ली। विधायक हरलाल सहारण ने जोर दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन पूरा ध्यान रखे। सहारण ने अस्पताल में एमआरआई मशीन लगाने के लिए चिकित्सा मंत्री से चर्चा करने की बात भी कही। बैठक के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. इकराम हुसैन ने बताया कि शिशु रोग विभाग में अक्सर पांच साल से छोटे बच्चे गंभीर बीमारियों से ग्रस्त होकर आते हैं। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में उनका इलाज किया जाता है, लेकिन आधार कार्ड नहीं होने के कारण काफी दिक्कतें आती हैं। इस पर जिला कलेक्टर सुराणा ने हरियाणा सरकार की तर्ज पर अस्पताल में ही आधार पंजीकरण व्यवस्था शुरू करवाने के लिए उच्च स्तर पर चर्चा करने की बात कही। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप शर्मा ने डीबी अस्पताल में ट्रोमा ओटी को 24 घंटे चालू करवाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे सड़क हादसों सहित अन्य गंभीर रोगियों का तुरंत ऑपरेशन कर उनकी जान बचाई जा सकेगी। इस पर जिला कलेक्टर ने अस्पताल अधीक्षक से चर्चा कर ट्रोमा ओटी को 24 घंटे चालू करवाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर की व्यवस्था शुरू करवाकर उसमें जिम और रिहैबिलिटेशन सेंटर शुरू करवाने पर भी चर्चा की। गायनी विशेषज्ञ डॉ. नूतन और डॉ. पूर्णिमा शर्मा ने भी जिला कलेक्टर व विधायक के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अंत में जिला कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन से विभागवार ‘मां योजना’ में आय और रिजेक्शन की जानकारी मांगी। बैठक में विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि आगामी दिनों में राज्य सरकार अपना बजट पेश करेगी। इसलिए अस्पताल प्रशासन मुझे अस्पताल के लिए जरूरी फैक्लटी व अन्य आवश्यकताएं बताये। जिनको वह चिकित्सा मंत्री के समक्ष रख सकें। बैठक में डॉ. गजेन्द्र सक्सेना, डॉ. सुरेन्द्र भड़िया, डॉ. शशिधर, डॉ. विकास देवड़ा, डॉ. संदीप कुल्हरि, डॉ. अजीत गढ़वाल, डॉ. अभिमन्यु तिवाड़ी, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. रतन अग्रवाल, डॉ. रमेश जाट सहित अनेक डॉक्टर्स व नर्सिंग इंचार्ज मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *