बिलासपुर जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह 10 बजे तक डेंटल और आर्थोपेडिक डॉक्टर समेत सहयोगी स्टाफ अनुपस्थित मिले। इसी दौरान निरीक्षण पर पहुंचे संभाग आयुक्त महादेव कावरे ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं, निरीक्षण के दौरान कलेक्टोरेट के खाद्य शाखा में धान मिलान की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। सहायक वर्ग-2 भारती सिंह को सेवा पुस्तिका और कैश बुक के अपूर्ण रखरखाव पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता भी परखी आयुक्त ने अस्पताल के वार्डों का दौरा किया। उन्होंने मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। पोषण पुनर्वास केंद्र में 19 कुपोषित बच्चों की देखरेख की व्यवस्था का जायजा लिया। मरीजों के लिए बन रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी। आयुक्त ने कलेक्टर न्यायालय, नाजिर शाखा, वित्त शाखा, रिकॉर्ड रूम, खाद्य शाखा, खनिज शाखा और कोषालय का निरीक्षण किया। अभिलेखों में पाई गई कमियों को एक सप्ताह में दूर करने के निर्देश दिए। अर्थदंड की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने और रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम आरए कुरूवंशी, शिवकुमार बनर्जी और सिविल सर्जन डॉ. अनिल गुप्ता मौजूद रहे।


