भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिला अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कोरिया के युवाओं ने 52 दिन तक नि:शुल्क प्याऊ घर चलाया। इस सेवा की शुरुआत 9 अप्रैल को हुई थी। समापन 30 मई को गन्ना जूस वितरण के साथ हुआ। राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव और राज्य सचिव कैलाश सोनी के मार्गदर्शन में यह सेवा अभियान चला। जिला शिक्षा अधिकारी और पदेन जिला आयुक्त स्काउट जितेन्द्र कुमार गुप्ता के आदेश पर इसे संचालित किया गया। जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू के नेतृत्व में रोजाना मरीजों और उनके परिजनों को ठंडा पानी, गुड़, खीरा और समय-समय पर शीतल शरबत दिया गया। समापन कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, जिला सचिव सुरेन्द्र कुमार और स्काउट संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। साईं बाबा एकेडमी, भैंसवार के संचालक जितेन्द्र कुमार के सहयोग से गन्ना जूस का वितरण किया गया। यह सेवा कार्य जनसहयोग से संभव हुआ। इसमें प्यारेलाल साहू, नरेंद्र कुमार गुप्ता, एमएस सुपरमार्ट और धर्मावती राजवाड़े जैसे समाजसेवी सक्रिय रहे। स्काउट्स और गाइड्स की टीम ने अनुशासन के साथ सेवा दी। जिला अस्पताल परिसर में गन्ने का जूस बांटते हुए।


