हनुमानगढ़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। गुरुवार को जिला कलेक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 34 शिकायतें सामने आईं। जनसुनवाई में मुख्य रूप से अतिक्रमण, सड़क से विद्युत पोल हटाने, स्वीकृत खालों के निर्माण, रास्ते खुलवाने, बाराबंदी और गंदे पानी की निकासी जैसी समस्याएं सामने आईं। इसके अलावा राजस्व, विद्युत, जलदाय, शिक्षा और चिकित्सा विभागों से जुड़ी शिकायतें भी रखी गईं। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समस्याओं का समाधान पारदर्शिता के साथ करें और मौका निरीक्षण कर सभी पक्षों की बात सुनें। जंक्शन स्थित सनसिटी एनक्लेव कॉलोनी के मामले में रेरा में अपंजीकृत कॉलोनाइजर को रिजर्व प्लॉट की नीलामी का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। राजस्थान संपर्क पोर्टल, रात्रि चौपाल, ग्राम पंचायत, उपखंड और जिला स्तरीय जनसुनवाई प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर निरीक्षण रिपोर्ट के साथ फोटोग्राफ और शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विवरण भी जोड़ें। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना, उप वन संरक्षक सुरेश कुमार आबुसरिया, सीईओ जिला परिषद ओ.पी. बिश्नोई सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपखंड अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी बैठक से जुड़े।


