जिला कलेक्टर ने लंबित मामलों पर दिए कड़े निर्देश:डीडवाना में योजनाओं की धीमी प्रगति पर जवाबदेही तय होगी

डीडवाना जिले में विकास कार्यों और योजनाओं की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कलक्टर खड़गावत ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और जिलेभर में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों पर विशेष नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, सहकारिता, कृषि और नगरीय निकायों सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य गति बढ़ाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, रुडिप सहित अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलक्टर ने कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर, नगर परिषद आयुक्त, चिकित्सा विभाग और विद्युत विभाग सहित सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अब योजनाओं की मॉनिटरिंग और सख्ती से की जाएगी, ताकि जिले में विकास कार्य तय समय में पूरे हो सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *