बिलासपुर में जिला कोर्ट के सामने निर्माणाधीन कोर्ट बिल्डिंग से निकल रहे ट्रक ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। एक घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। मृतक छात्र मणिंद्र भूषण सिंह श्याम राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी तहसीलदार हनुमंत सिंह श्याम का बेटा था। जानकारी के अनुसार, मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23) सकरी क्षेत्र के रामा लाइफ सिटी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे मणिंद्र अपनी बाइक में सवार होकर घूमने निकला था। वह कलेक्ट्रेट के पास जिला कोर्ट के सामने पहुंचा था, उसी समय निर्माणाधीन कोर्ट बिल्डिंग से ट्रक निकल रहा था। ड्राइवर ने मेन रोड के आजू-बाजू देखे बगैर ट्रक को सीधे रोड पर ले आया। अचानक, सामने ट्रक आने से मणिंद्र हड़बड़ा गया और उसकी बाइक और ट्रक में सीधे टक्कर हो गई। घायल छात्र की अस्पताल में मौत इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने हादसे खबर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद बुरी तरह से घायल छात्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। जहां करीब एक घंटे तक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार का बेटा था मृतक छात्र राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी मणिंद्र के पिता हनुमंत सिंह श्याम तहसीलदार हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक में है। सड़क हादसे के बाद बिलासपुर समेत प्रदेश के सभी तहसीलदार संघ के ग्रुप में मृतक छात्र को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पीएससी की तैयारी करने आया था मणिंद्र मणिंद्र भूषण सिंह श्याम पीएससी की तैयारी करने के लिए बिलासपुर आया था। वह सकरी के रामा लाइफ सिटी में किराए के मकान में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। मंगलवार सुबह 4 बजे वह बाइक से घूमने निकला था। लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। नए कोर्ट भवन के लिए मटेरियल लेकर आया था ट्रक आयकर विभाग की पुरानी बिल्डिंग की जगह जिला कोर्ट के नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण के लिए मटेरियल लेकर ट्रक (सीजी 29 एसी 0934) का चालक वहां गया था। सुबह 5 बजे मटेरियल खाली करने के बाद जब वह बाहर निकल रहा था। मेन रोड में वाहन ले जाने से पहले ड्राइवर ने आजू-बाजू नहीं देखा और गाड़ी को सीधे सड़क पर ले आया। उसी समय मणिंद्र नेहरू चौक की तरफ से आ रहा था। अचानक ट्रक सामने आने के बाद उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे ये हादसा हुआ।


