जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता-प्रभारी मंत्री
जिला चिकित्सालय अनूपपुर भवन लोकार्पण किया
अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा है कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने हेतु सरकार संकल्पित है। जिला चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु विभाग के नवीन भवन का लोकार्पण निश्चित तौर पर स्वास्थ्य में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार रविवार को अनूपपुर के जिला चिकित्सालय अनूपपुर नवीन भवन लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनता के सेवक होते हैं, वह पूरे मनोयोग एवं ईमानदारी के साथ अनूपपुर के विकास के लिए कार्य करें। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए अनूपपुर में नए आयाम स्थापित करें तथा अनूपपुर को नई ऊंचाई पर ले जाएं, यह सभी का परम दायित्व है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा कि डॉक्टर ईश्वर का स्वरूप होता है, डॉक्टर बहुत ही भाग्यशाली व्यक्ति ही बनता है। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि जो भी मरीज आपके पास आता है वह बहुत दुखी होता है, उन मरीजों के संवेदनाओं और भावनाओं को समझते हुए उनके साथ सकारात्मक व्यवहार रखें तथा उनका उपचार अपनत्व की भावना से करें। हम और हमारी सरकार जनता के हित के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। जिससे जनता को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर लाभ मिल सके। राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि आज हमारी सरकार द्वारा जनता को कोई परेशानी ना हो इस हेतु चिकित्सा के क्षेत्र में जिला चिकित्सालय अनूपपुर को 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन का अतुलनीय विस्तार किया है। आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 47, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 119 तथा जिला चिकित्सालय में 196 प्रकार की जांच सुविधाओं का लोगों को लाभ मिल रहा है। जिससे लोग अपनी बीमारी का निःशुल्क जांच कर बेहतर उपचार ले सके। कार्यक्रम को कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल इत्यादि के क्षेत्र में मूलभूत परिवर्तन आया है। शासन की निष्ठा, नियत एवं समर्पण अद्भुत है, जो पूरे मध्य प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धता के आधार पर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि हमारी सरकार जनता के कल्याण के लिए हमेशा ही तत्पर्य है। जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का लोकार्पण के पश्चात यहां स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी तथा लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है। मध्य प्रदेश में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं हमारी सरकार विकसित भारत का सपना स्वस्थ भारत से ही पूरा होगा। उन्होंने अनूपपुर के विकास में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को भी याद करते हुए लोगों को बताया।
नवनिर्मित जिला चिकित्सालय का हुआ लोकार्पण
मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार एवं मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप अहिरवार ने 1729.24 लाख रुपए से निर्मित जिला चिकित्सालय मातृ एवं शिशु विभाग के नवीन भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, नगर पालिका अध्यक्ष अनूपपुर अंजुलिका सिंह, आत्मा गर्वनिंग बोर्ड की सदस्य रश्मि खरे, श्याम नारायण शुक्ला, जितेंद्र सोनी, सिद्धार्थ सिंह, शिवरतन वर्मा, गजेंद्र सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर अजीत तिर्की, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एससी राय, सिविल सर्जन डॉ एस आर परस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार व आमजन उपस्थित थे।
इटौर में विद्यालय भवन का किया भूमि पूजन
अनूपपुर मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने रविवार को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत इटौर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (नवीन भवन) के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। विद्यालय भवन के निर्माण पर 677 लाख रुपए की लागत आएगी। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ मिथिलेश सिंह, पूर्व जनपद अध्यक्ष पुष्पराजगढ़ हीरा सिंह श्याम, आत्मा गर्वनिंग बोर्ड की सदस्य रश्मि खरे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यकर्ता के घर भोजन करने पहुंचे प्रभारी मंत्री
अनूपपुर लगभग डेढ दशक में बन कर तैयार हुए जिला अस्पताल अनूपपुर के नये भवन के लोकार्पण अवसर पर हुई खींचतान , भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को इस अवसर पर आमंत्रित ना करने से संगठन और प्रशासन की हुई जमकर किरकिरी तथा पत्रकारों की उपेक्षा सहित अन्य आन्तरिक विवादों के बीच जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने अचानक एक साधारण कार्यकर्ता के घर रात्रि भोजन करके सबको चैंका दिया। रविवार की रात लगभग नौ बजे मंत्री अहिरवार, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के साथ बिना किसी तामझाम के अचानक पुरानी बस्ती वार्ड 13 निवासी राजा तिवारी के घर पहुंचे। यहाँ उनका स्वागत भाजपा नेता मनोज द्विवेदी, कृष्णा नंद द्विवेदी, पूर्व पार्षद जानकू मुन्ना राठौर,संजय पाठक सहित अन्य लोगों ने किया। अनूपपुर जिले के प्रवास के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार (वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री) , भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम का आगमन राजा तिवारी के निवास पर हुआ। उन्होंने रात्रि भोजन करते हुए उपस्थित भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं अन्य लोगों से मुलाकात की तथा सामान्य चर्चा,की। कृष्णानंद द्विवेदी ने मंत्री से चंदास नदी के बरम घाट पर जन सुविधा के किये पुल बनवाने की मांग की। जिस पर प्रभारी मंत्री ने कार्य का परीक्षण, आकलन करवा कर शीघ्र इसे पूरा करने का आश्वासन दिया। वहीं प्रभारी मंत्री के ऐसे अचानक सामान्य कार्यकर्ता के घर पहुंचने को लेकर लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की है और कहा कि ऐसी परंपरा पार्टी कार्यकर्ताओं का मन बढाती है ।


