एमपी बीजेपी में इन दिनों ताबड़तोड़ नियुक्तियों का दौर चल रहा है। बची हुई जिला कार्यकारिणी की घोषणाएं हो रहीं हैं। निगम-मंडलों, बोर्ड और आयोगों के लिए लगातार मंथन चल रहा है। इस बीच बीजेपी के जिला प्रभारियों की सूची घोषित होने के बाद से उठी अफवाहों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विराम लगा दिया है। दरअसल, तीन दिन पहले बीजेपी ने 62 संगठनात्मक जिलों के जिला प्रभारी घोषित किए थे। इनमें विधायक, पूर्व विधायक से लेकर पार्टी के कई सीनियर नेताओं को जिला प्रभारी बनाया गया था। इस लिस्ट के घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर इस तरह की बातें की जा रहीं थी कि जिला प्रभारी बनाए गए नेता निगम- मंडल की रेस से बाहर हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष बोले- परफॉरमेंस से प्रोग्रेस होगी
मंगलवार को भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बीजेपी के संभाग और जिला प्रभारियों की बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने भाषण की शुरुआत में ही कहा- आप लोगों को जो जिम्मेदारी दी गई है। उसके बाद आप ये न मानें कि आप आगे कहीं किसी पद के लिए दावेदार नहीं हैं। आपको जो दायित्व दिया गया है, उसके अंतर्गत जो काम दिए जाएं, उन्हें पूरा कीजिए। ये तय है कि परफॉरमेंस दिखाएंगे तो प्रोग्रेस होगी। जिलों में बनेंगे कोर ग्रुप
बीजेपी अब हर जिले में कोर ग्रुप का गठन करेगी। इसमें सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी के साथ मौजूदा जिला अध्यक्ष और निवर्तमान जिलाध्यक्ष के साथ चुनिंदा दस नेता शामिल होंगे। जिला प्रभारी की भूमिका जिले के निर्णयों में अहम होगी। नियुक्तियों के लिए नाम छांटेंगे
नगरीय निकायों में नियुक्त होने वाले एल्डरमैन से लेकर जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक होने वाली नियुक्तियों के लिए जिला प्रभारी अपने जिले के नेताओं के साथ उन कार्यकर्ताओं के नामों की लिस्ट तैयार करके प्रदेश कार्यालय भेजेंगे जो संगठन में अच्छा काम कर रहे हैं। जिन्हें पद और संगठन में जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। 19 फरवरी को ट्रेनिंग, तीन साल का रोडमैप बनेगा भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ की शुरुआत की है। यह प्रशिक्षण अभियान मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संचालित किया जाएगा। इसमें शहरी–ग्रामीण निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, मनोनीत सदस्यों और संगठन के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अभियान के लिए प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण टोली का गठन किया है। यह अभियान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रशिक्षण बीजेपी के अनुसार, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा विभागवार प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तय किए गए हैं, ताकि संगठन के हर स्तर तक प्रशिक्षण पहुंच सके। 19 फरवरी को प्रदेश कार्यशाला प्रशिक्षण अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला 19 फरवरी 2026 (गुरुवार) को आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलेगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी शामिल रहेंगे। हर जिले से चार सदस्यीय प्रशिक्षण टोली प्रदेश कार्यशाला में हर जिले से चार सदस्यीय प्रशिक्षण टोली को अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। इस टोली में 1 संयोजक, 3 सह संयोजक, होंगे, जिनमें 1 जिला महामंत्री और 1 महिला कार्यकर्ता का होना अनिवार्य रखा गया है। संभाग स्तर पर भी प्रशिक्षण प्रभारी तय प्रशिक्षण महाभियान के प्रभावी संचालन के लिए पार्टी ने सभी संभागों में प्रशिक्षण प्रभारी भी नियुक्त किए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करेंगे।


