राज्य सरकार के एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय अंत्योदय सेवा शिविर का आयोजन हुआ। झालावाड़ जिले में जिला स्तरीय अंत्योदय सेवा शिविर का आयोजन ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर के मुख्य आतिथ्य में ऑडिटोरियम में हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से दिव्यांगों को अंग उपकरण एवं ट्राई साइकिल, व्हील चेयर आदि वितरित किए। दिव्यांग लाभार्थियों को मिली ट्राई साइकिल
जिला स्तरीय अंत्योदय सेवा शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से 5 लाभार्थियों को ट्राई साईकिल, 5 लाभार्थियों को व्हील चेयर, 5 लाभार्थियों को वैसाखी तथा 5 लाभार्थियों को श्रवण यंत्र का वितरण किया। मूक बधिर, नेत्रहीन एवं मानसिक विमन्दित बच्चों को वितरित किए विशेष किट
सरस्वती मूक बधिर आवासीय स्कूल झालरापाटन के बच्चों को ट्रैम्पोलिन किट, स्पोर्ट्स किट तथा लूडो, निर्मल नेत्रहीन एवं अस्थि विशेषयोग्यजन आवासीय स्कूल मुण्डेरी के नेत्रहीन एवं अस्थि बच्चों को ट्रैम्पोलिन किट, स्पोर्ट्स किट, ब्रेल बुक तथा लूडो एवं सांई मानसिक विमन्दित आवासीय स्कूल के मानसिक विमन्दित बच्चों को ट्रैम्पोलिन किट तथा एमआर किट वितरित किए। मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना की बुकलेट का किया विमोचन
मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना की बुकलेट का विमोचन किया। साथ ही उद्योग विभाग की ओर से संचालित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत दो लाभार्थियों को बैंक से देय ऋण के चेक प्रदान किए, इस दौरान जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी, मनोहरथाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी ऋचा तोमर, जिला परिषद् सीईओ शम्भुदयाल मीणा, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर, निर्मल सकलेचा, पूर्व जिला परिषद् सदस्य डॉ. अरूणा मीणा, पूर्व प्रधान लाली बाई, महेश बटवानी, नितेश परमार, मीत सकलेचा, कन्हैयालाल नागर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ऊर्जा राज्य मंत्री नागर ने जिला स्तरीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन
वर्तमान राज्य सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने अवलोकन किया। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अनुप्रिया ने नागर को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित की जिले के विकास कार्यों एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रमों तथा लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर जाकर उन्होंने विभागों की योजनाओं एवं उनकी प्रगति की जानकारी भी ली, इस दौरान पूर्व प्रधान लाली बाई, नितेश परमार, कन्हैयालाल नागर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


