हनुमानगढ़ के कन्या महाविद्यालय में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी मेमोरियल पीजी कॉलेज पीलीबंगा ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जिले भर से 15 महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें बीएड कॉलेज संगरिया को द्वितीय और विवेकानंद कॉलेज टिब्बी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। जिला कलेक्टर कानाराम ने विजेता टीमों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे ‘मानस अभियान’ पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पिछले 10-12 साल में जिले में युवाओं में नशे की प्रवृत्ति चिंताजनक रूप से बढ़ी है। 26 जून 2024 को शुरू किए गए मानस अभियान के तहत नशे की मांग को कम करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, क्योंकि यह वह उम्र है जब युवा नशे की गिरफ्त में आ सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर ने युवाओं को नशा न करने की शपथ दिलाई।


