अलवर के जिला अस्पताल में अब कैंसर जांच की सुविधा अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध हो गई है। सोमवार को अस्पताल में एफएनएसी (फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी) ओपीडी जांच रूम का उद्घाटन वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने किया। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को अब कैंसर से जुड़ी प्रारंभिक जांच के लिए बाहर निजी लैब या अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डॉ. संतोष मीण के अनुसार, पहले रोजाना करीब 20 मरीजों को गांठों और बायोप्सी से संबंधित जांच के लिए बाहर भेजा जाता था। निजी अस्पतालों में या लैब में इन जांचों पर 800 से 1000 रुपये तक खर्च आता था,हालांकि उसका खर्च हास्पिटल यानि सरकार का ही होता था क्योरवैल के जरिये। अब जिला अस्पताल में ही यह जांच निशुल्क की जाएगी। नई मशीन और ओपीडी जांच रूम की मदद से मरीजों को समय पर और सटीक रिपोर्ट मिल सकेगी। इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव हो पाएगी और इलाज समय रहते शुरू किया जा सकेगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस सुविधा के शुरू होने से जिले के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में यह कदम अलवर जिले के लिए बड़ी राहत और मजबूती साबित होगा।


