जिले का बदलेगा मौसम, 24 को हल्की बारिश के आसार

भास्कर न्यूज | गिरिडीह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में आंशिक बादल, कुहासा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है। बुधवार से ही जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि गुरुवार की रात कुछ स्थानों पर हल्की बुंदाबांदी दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 23 फरवरी तक सुबह के समय कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। 21 फरवरी से ही दिखने लगेगा असर पूर्वानुमान के मुताबिक 21 फरवरी को सुबह कुहासा और बाद में आंशिक बादल रहेंगे। 22 फरवरी को सुबह कुहासा छाया रहेगा, लेकिन बाद में आसमान मुख्यतः साफ हो जाएगा। 23 फरवरी को भी सुबह कुहासा और दिन में आंशिक बादल बने रहेंगे। 24 फरवरी को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। 25 और 26 फरवरी को सुबह कुहासा और बाद में आंशिक बादल रहेंगे, जबकि 27 फरवरी को सुबह कुहासा और दिन में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।मौसम विभाग ने विशेष रूप से 24 फरवरी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस दिन गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि भारी वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। जिले के अस्पतालों में सर्दी-खांसी, बुखार के मरीज बढे़ अस्पतालों में सर्दी-खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। चिकित्सक डॉ. कुलदीप नारायण ने बताया कि दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंडक के कारण सर्दी-खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सुबह-शाम ठंड से बचाव करें, हल्के गर्म कपड़े पहनें और खानपान में सावधानी बरतें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *