भास्कर न्यूज | गढ़वा जिले में धान खरीद को लेकर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। जिले के करीब 600 किसानों को अब तक धान क्रय की राशि का भुगतान नहीं हो सका है। वहीं कई पैक्स केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान अंगूठा नहीं लगने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे धान की रिसिविंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। भुगतान में देरी और तकनीकी समस्याओं के कारण किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जिले में 15 दिसंबर से धान क्रय की शुरूआत की गई थी। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में निबंधित 15,021 किसानों में से अब तक 2,454 किसानों ने लगभग दो लाख 17 हजार क्विंटल धान की बिक्री की है। इनमें से 1857 किसानों के बीच करीब 44 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है, जबकि लगभग आठ करोड़ रुपए अब भी बकाया है। इस बीच सरकार द्वारा निर्धारित दो लाख क्विंटल के लक्ष्य को बढ़ाकर ढाई लाख क्विंटल कर दिया गया है। लक्ष्य वृद्धि के बावजूद भुगतान और खरीद की रफ्तार संतोषजनक नहीं मानी जा रही है। ^विभाग किसानों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक 44 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है और शेष किसानों को भी आवंटन प्राप्त होते ही राशि दे दी जाएगी। -देवानंद राम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी


