जिले खत्म करने पर आक्रोश, नीमकाथाना में बाजार बंद:सांचौर में कांग्रेस नेता ने दी आत्मदाह की चेतावनी; अनूपगढ़ में किया कलेक्ट्रेट का घेराव

राजस्थान के 9 जिले खत्म करने के सरकार के फैसले पर लगातार दूसरे दिन विरोध-प्रदर्शन जारी है। जिलों को बहाल नहीं करने पर कांग्रेस समेत अन्य संगठनों और लोगों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सांचौर में लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। कांग्रेस नेता ने आत्मदाह तक की चेतावनी दे दी है। अनूपगढ़ में सोमवार को कई संगठनों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। सांचौर में 7 जनवरी को निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। वहीं, नीमकाथाना में आज आंदोलन उग्र कर ट्रेन रोकने की चेतावनी दी गई है। इससे पहले रविवार शाम को अनूपगढ़ के स्थानीय भाजपा नेताओं ने इस्तीफे दे दिए थे। रविवार दोपहर 3 बजे बीकानेर-श्रीगंगानगर नेशनल हाईवे नंबर 911 पर जाम लगाया गया था, जिसे शाम साढ़े 5 बजे जाम हटा दिया था। नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्टर शरद मेहरा को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही जिला परिषद सदस्य प्रवीण जाखड़ ने कहा- कल से भूख हड़ताल की जाएगी। आज से अनिश्चितकाल के लिए मंडी को बंद रखने का फैसला लिया है। सांचौर में बाजार बंद, महापड़ाव शुरू
जिला निरस्त होने के बाद सांचौर में भी लोगों का आक्रोश नजर आया। व्यापार मंडल के आह्वान पर शहर के बाजार सोमवार को बंद रखे गए। वहीं पूर्व राज्य मंत्री सुखराम बिश्नोई के नेतृत्व में महापड़ाव कलेक्ट्रेट के आगे 11.30 बजे शुरू हो गया। सभी लोग कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर बैठ गए। शाहपुरा में भी सोमवार को विभिन्न संगठनों के लोग त्रिमूर्ति चौराहे पर इकठ्ठे हुए। इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *