भास्कर न्यूज | जामताड़ा /बागडेहरी जामताड़ा में करीब 332 अवैध बांग्ला ईट भट्ट का संचालन हो रहा है। विभागीय नियम कहता है कि अंचल अधिकारी से निर्देश के बाद ही भट्टा का संचालन किया जाना है। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। नियमों को अनदेखी कर भट्ठा संचालक को लेकर प्रशासन की कार्रवाई शुरू हुई है। कुंडहित अंचल क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों की जांच को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अंचल कार्यालय कुंडहित की ओर से 59 ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर आवश्यक कागजात जमा करने का निर्देश दिया गया है। नोटिस जारी होने के बाद क्षेत्र के भट्ठा संचालकों में हलचल देखी जा रही है। जामताड़ा जिले में एक प्रत्येक सीजन में लगभग 30 करोड़ से अधिक का ईंट निर्माण का कारोबार होता है। अंचल कार्यालय से जारी नोटिस में संचालकों को पर्यावरण अनुज्ञप्ति प्रमाणपत्र, भूमि संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात लेकर कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अन्य संचालकों पर भी कार्रवाई के लिए प्रक्रिया चल रही है। जिनके दस्तावेज उपलब्ध हैं, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं यह कार्रवाई नियम पालन सुनिश्चित करने के लिए : प्रभारी सीओ प्रभारी अंचलाधिकारी जमाले रजा कहा कि यह कार्रवाई किसी विशेष व्यक्ति या समूह के खिलाफ नहीं, बल्कि नियमों के अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है। सभी भट्ठा संचालकों को समान रूप से नोटिस जारी किया गया है। यदि किसी के पास वैध पर्यावरण अनुज्ञप्ति और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं तो उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जिन संचालकों के पास आवश्यक अनुमति नहीं होगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।


