जिले में 10.40 लाख मतदाता हुए, 26 हजार 809 नए वोटर जुड़े, 2.64 प्रतिशत की बढ़ोतरी

भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शनिवार को कर दिया। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि आयोग से घोषित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण की समस्त प्रक्रिया पूरी करते हुए 21 फरवरी को अंतिम सूची प्रकाशित की गई। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले में कुल 10 लाख 13 हजार 678 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस अवधि में 26,756 फॉर्म-6 व 6ए में नाम जोड़ने के लिए 1,333 फॉर्म-7 नाम विलोपन के लिए व 4 हजार 402 फॉर्म-8 संशोधन के लिए प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की विधिवत जांच कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से निस्तारण किया। अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 10 लाख 40 हजार 487 हो गई है। इस प्रकार 26 हजार 809 मतदाताओं की वृद्धि के साथ 2.64 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अंतिम सूची के अनुसार जिले में 5 लाख 37 हजार 70 पुरुष, 5 लाख 3 हजार 406 महिला व 11 ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को हर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची 2026 की एक हार्ड कॉपी व एक फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी दी गई। आम मतदाता ऑनलाइन ईपीआईसी सर्च के माध्यम से सूची में अपना नाम देख सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी। इसके लिए फॉर्म-6, 7 व 8 ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित बीएलओ से भरे जा सकते हैं। मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि को लेकर असंतोष होने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 24 व निर्वाचक पंजीकरण नियम में 15 दिवस के अंदर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील व उसके निर्णय से असंतुष्ट होने पर 30 दिवस के अंदर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष द्वितीय अपील की जा सकती है। अंतिम प्रकाशन के बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने सभी दलों से कहा कि यदि किसी प्रकार की आपत्ति हो तो निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़ व तहसीलदार निर्वाचन दीपिका कटारा ने प्रक्रिया की जानकारी दी। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व निर्वाचन विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *