जिले में 18 हजार से अधिक पौधे लगाए गए

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव बारिश के मौसम के दृष्टिगत शुक्रवार को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सघन पौधरोपण किया गया। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देश पर आज जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण किया गया। जिले भर में लगभग 18 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सभी ने पौधरोपण करने के बाद पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सभी ने प्रतिबद्धता व्यक्त की। कलेक्टर डॉ. भुरे ने जिलेवासियों से बारिश के मौसम में पौधे लगाने की अपील की है। उन्होंने सभी नागरिकों से आव्हान करते हुए कहा है कि आइए हम अपने शहर एवं गांव को हरा भरा बनाएं। धरती की हरीतिमा, पर्यावरण की रक्षा के लिए अपना दायित्व निभाते हुए एक पेड़ माँ के नाम अभियान में सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि बारिश पौधरोपण के लिए उपयुक्त समय है। फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाना पुण्य का कार्य है। आज हमें वृक्षों की छांव मिल रही है, क्योंकि किसी ने बहुत पहले पौधे लगाए थे। आने वाली पीढिय़ों को उन वृक्षों की शीतल छांव मिलती है, वहीं फल-फूल भी प्राप्त होते हैं। आइए हम सभी पौधरोपण के लिए प्रतिबद्ध होकर अपनी भागीदारी निभाएं। पेड़ों का महत्व बताया जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत ग्राम भंडारपुर, चिरचारीकला, थैलीटोला, भोलापुर में पौधरोपण किया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण किया। एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, एसडीएम डोंगरगढ़ अभिषेक तिवारी ने तहसील परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर तहसील कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *