जिले में 4 मार्च को होली, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:डीसी-एसपी ने की समीक्षा, संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात

जिले में 4 मार्च को होली का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर जिलेभर में उल्लास का माहौल है। जिला प्रशासन और पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंगलवार सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों की हाटों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। लोग होली की जमकर खरीदारी करते नजर आए। पर्व के महत्व को देखते हुए चौक-चौराहों पर रंग-गुलाल और पिचकारी की कई अस्थायी दुकानें लगाई गई हैं, जहां लोग उत्साह से खरीदारी कर रहे हैं। होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले के संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने विधि व्यवस्था की समीक्षा की। होली के दिन कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जिलेभर में दंडाधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। मंगलवार को लोगों की भीड़ के कारण कई बार सड़क जाम की स्थिति बनी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने तुरंत जाम हटवाया। सिविल एसडीओ साइमन मरांडी और पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में नगर थाना से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में जिले के तीन थानों-मालपहाड़ी, मुफ्फसिल और नगर थाना के जवान और अधिकारी शामिल थे। फ्लैग मार्च ने तीनों थाना क्षेत्रों का भ्रमण किया। सिविल एसडीओ साइमन मरांडी ने बताया कि होली पर्व के दौरान विधि व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से यह फ्लैग मार्च निकाला गया है। एसडीपीओ दयानंद आजाद ने कहा कि होली आपसी भाईचारे का पर्व है। इस पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या अशांति न हो, इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। उन्होंने चेतावनी दी कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी और जवानों को व्यापक रूप से तैनात किया गया है और होली के दौरान हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *