भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना गेट हकीमां के अधीन आते फतेह सिंह कॉलोनी गली नंबर 10 की साढ़े 3 साल की बच्ची को उस समय गोली लग गई, जब पिता आकाश उसे ट्यूशन छोड़ने के लिए जा रहे थे। बेटी जब जमीन पर गिरी तो पिता को लगा कि ऐसे ही िगरी है और चोट लग गई है। जब अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टर ने एक्स-रे करवाया। एक्स-रे रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची को गोली लगी है। यह पता चलते ही बच्ची का पिता और पूरा परिवार घबरा गया। डॉक्टर ने तुरंत बच्ची का ऑपरेट किया और गोली निकाल दी। घटना की जानकारी बच्ची के पिता आकाश की ओर से पुलिस को कर दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा। अस्पताल में उपचाराधीन बच्ची, (इनसैट) टांग से निकाली गई गोली। बच्ची के पिता आकाश ने बताया कि शाम सवा 5 बजे बेटी को ट्यूशन छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान बेटी गिर गई और वह उसे अस्पताल ले गए। जिस समय घटना हुई थी, उस समय एक पटाखे जैसी आवाज सुनी थी। अस्पताल में डॉक्टर ने ही बताया कि बेटी की टांग में गोली लगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर इस घटना की पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया ने भी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बच्ची का फोटो शेयर की और कहा कि आए दिन पंजाब में हो रही वारदातों से पंजाब सरकार सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि अब तो बच्चे भी सेफ नहीं है। कानून व्यवस्था बुरी तरह से फेल है।
ं


