जिस जिले में किडनी के मरीज अधिक वहीं खुलेंगे डायलिसिस सेंटर, सर्वे शुरू

राज्य में किडनी सेंटर खोलने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में इलाज करवाने पहुंच रहे किडनी मरीजों की जानकारी मांगी गई है। जिस जिले में किडनी के मरीज ज्यादा मिलेंगे वहीं डायलिसिस सेंटर खोले जाएंगे। सरकार ने बजट में 25 सेंटर खोलने की घोषणा की है। अभी 10 मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के अलावा जिला अस्पतालों में डायलिसिस सेंटर चल रहे हैं, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ने से कई इलाकों के लोगों को दूर-दराज के सेंटर जाना पड़ रहा है।
भास्कर की पड़ताल में पता चला है कि गरियाबंद के अलावा महासमुंद, कवर्धा, बेमेतरा और सूरजपुर में अन्य जिलों की अपेक्षा ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं। इन जिलों में अभी केवल जिला अस्पतालों में चार से पांच डायलिसिस मशीनें हैं। कुछ सेंटरों में 10-10 मशीनें भी हैं। अफसरों के अनुसार गरियाबंद के साथ-साथ इन जिलों में भी नए सेंटर खोले जाएंगे। राज्य के सरहदी अन्य जिलों में भी ज्यादा मरीज आते हैं, क्योंकि अन्य राज्यों के मरीज भी इलाज करवाने यहां आते हैं। वहां भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की टीम के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है। डीकेएस में 50 मशीनें बंद
राज्य में लगभग 25 लाख से ज्यादा किडनी के मरीज हैं। इनमें से करीब दो लाख मरीज डायलिसिस की स्थिति में हैं। उनका सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में डायलिसिस चल रहा है। डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अभी 11 डायलिसिस मशीनें ही चल रही हैं। अन्य 50 मशीनें अलग-अलग कारणों से बंद हैं। ज्यादातर का मेंटेनेंस नहीं हो रहा है।
इलाज केवल राजधानी में
किडनी के मरीजों का डायलिसिस तो जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज के सेंटरों में हो रहा है लेकिन इलाज कराने रायपुर आना पड़ता है। क्योंकि स्पेशलिस्ट डॉक्टर अंबेडकर अस्पताल और डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में हैं। डीकेएस के नेफ्रोलॉजी विभाग में रोज औसतन 40 मरीजों की जांच होती है। इनमें औसतन 18-20 नए मरीज होते हैं। महासमुंद में हो रहा सर्वे
महासमुंद के कुछ इलाकों में किडनी के मरीज अचानक बढ़े हैं। यहां एम्स और डीकेएस अस्पताल के विशेषज्ञों की टीम सर्वे कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि यहां अधिक संख्या में मरीज मिलने के क्या कारण है? पानी से लेकर बाकी स्थितियों की भी जांच हो रही है। मरीजों को मिलेगी जल्द राहत
सरकार किडनी के मरीजों को जल्द राहत दिलाने का प्रयास कर रही है। इसी वजह से बजट में 25 नए सेंटर का प्रस्ताव लाया गया है। लोगों को डायलिसिस के लिए भटकना ना पड़े, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
– श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *