जींद जिले की नरवाना शहर थाना पुलिस ने 36.82 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चमेला कॉलोनी क्षेत्र में की गई, जहां से आरोपी नशीला पदार्थ खरीदकर ले जा रहे थे। थाना शहर नरवाना के प्रभारी ने बताया कि, एसआई बलवान सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम चमेला कॉलोनी, नरवाना में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक सफेद कार में तीन युवक चमेला कॉलोनी से नशीला पदार्थ खरीदकर हिसार रोड की ओर से ठंडी सड़क की तरफ आ रहे हैं। पॉलीथिन में छिपाकर लाया हेरोइन सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत ठंडी सड़क पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार युवकों से पूछताछ की गई। उन्होंने अपनी पहचान कुलबीर, सतगुर सिंह उर्फ गग्गु और जगतार सिंह उर्फ सोनी, निवासी तोलावाल, संगरूर (पंजाब) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर, आरोपी सतगुर सिंह उर्फ गग्गु की पैंट की जेब से एक काले पॉलीथिन लिफाफे में 36.82 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलकर सील किया गया और पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर नरवाना में धारा 21B-61-85 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


