जीआरपी ने 2 महीनों में तस्करी के 20 केस दर्ज किए, पिछले पूरे साल में 77 थे

भास्कर न्यूज | जालंधर होली के त्योहार को देखते हुए शुक्रवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने डॉग स्क्वॉड के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया और ट्रेनों में सफर कर रहे संदिग्ध यात्रियों के सामान की गहन जांच की गई। पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछताछ भी की। जीआरपी के एसपी ऑपरेशन गुरविंदर ढिल्लों ने बताया कि इस वर्ष यानी दो महीनों में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 20 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 96 किलोग्राम चूरा पोस्त, 98 किलोग्राम गांजा और 8 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसके अलावा अवैध हथियारों से जुड़े 6 मामलों में एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और चार कमानीदार चाकू जब्त किए गए हैं। पिछले वर्ष जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट के 77 मामले दर्ज किए थे, जिनमें 40 किलोग्राम अफीम, 235 किलोग्राम चूरा पोस्त, 77.5 किलोग्राम गांजा, 950 ग्राम चरस, 435 ग्राम हेरोइन और भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। अवैध हथियारों के 22 मामलों में 25 पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, तीन देसी कट्टे, 45 कारतूस और 23 मैगजीन जब्त की गई थीं। एसपी ढिल्लों ने बताया कि सिटी रेलवे स्टेशन के बाद कैंट रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा। पूरे अभियान के लिए 100 पुलिसकर्मियों को दो शिफ्टों में तैनात किया गया है। सुबह की शिफ्ट में 50 और शाम की शिफ्ट में 50 कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। डॉग स्क्वॉड और विशेष टीमों को भी सतर्क रखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *