भास्कर न्यूज | अमृतसर जीएनडीएच की पार्किंग के टेंडर के लिए मंगलवार को भी कोई आवेदक नहीं आया। पुराना ठेका खत्म होने के कारण 17 दिन से वाहनों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। कोई ठेकेदार आगे न आने का मुख्य कारण ठेके की रकम का अत्यधिक बढ़ाना माना जा रहा है। पिछले साल पार्किंग के लिए जीएसटी मिलाकर करीब 38 लाख में ठेका दिया गया था लेकिन इस साल 46.50 लाख की रकम आरक्षित की गई है। जनवरी में पुरानी कंपनी का ठेका खत्म हो गया था, जिसके बाद मेडिकल सुपरिंटेंडेंट की ओर से नए ठेके के लिए टेंडर निकाला गया है मगर अभी तक कोई आवेदक सामने नहीं आया है। 17 फरवरी मंगलवार को टेंडर हासिल करने के लिए बोली के लिए आवेदकों को आमंत्रित किया गया था लेकिन कोई भी ठेकेदार बोली देने के लिए नहीं आया।


