जीएनडीयू ने 47 अंक हासिल करके खिताब जीता, एलपीयू ने 12 रनों के साथ

भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी द्वारा 21 से 24 फरवरी तक विश्वविद्यालय वेलोड्रोम में आयोजित ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी ट्रैक साइक्लिंग (पुरुष एवं महिला) चैंपियनशिप 2025–26 का समापन शानदार ढंग से हुआ। चार दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले में देशभर की 40 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेजबान गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। पुरुष वर्ग में जीएनडीयू ने 40 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी 16 अंकों के साथ दूसरे और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। महिला वर्ग में भी गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी का दबदबा कायम रहा। विश्वविद्यालय ने 47 अंकों के साथ खिताब जीता, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा 12 अंकों के साथ रनर-अप रही। चितकारा यूनिवर्सिटी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) कर्मजीत सिंह ने विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. कंवर मनदीप सिंह ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि चार दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में प्रतिभागियों ने गति, सहनशीलता और रणनीति का अद्भुत प्रदर्शन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *