जीरन कॉलेज में ABVP ने जड़ा ताला:प्रभारी प्राचार्य को हटाने की मांग, प्राध्यापक से हाथापाई का आरोप

नीमच जिले के शासकीय महाविद्यालय जीरन में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी और प्रभारी प्राचार्य दीपा कुमावत को तत्काल पद से हटाने की मांग की। इस हंगामे के कारण दिन भर कॉलेज में शैक्षणिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। यह विरोध प्रदर्शन शनिवार को कॉलेज में हुई एक घटना के बाद शुरू हुआ। शनिवार को एक जांच टीम की मौजूदगी में प्रभारी प्राचार्य दीपा कुमावत का एक अन्य प्राध्यापक के साथ तीखी बहस हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इस घटना का वीडियो और इसकी चर्चाएं पूरे नगर में तेजी से फैल गईं, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में गहरा आक्रोश उत्पन्न हो गया। सोमवार को कॉलेज खुलते ही ABVP कार्यकर्ता और छात्र मुख्य द्वार पर एकत्रित हो गए। उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए कॉलेज के गेट पर ताला लगा दिया। स्थिति में तनाव को देखते हुए जीरन पुलिस भी मौके पर पहुंची। छात्र नेताओं ने इस दौरान कहा कि जिस संस्थान में शिक्षक ही मर्यादा भूल जाएं, वहां छात्र क्या सीखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज का माहौल पहले से ही तनावपूर्ण है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रभारी प्राचार्य को नहीं हटाया गया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने छात्रों को समझाइश दी और आश्वासन दिया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *