जी+2 व मल्टी स्टोरी भवनों की होगी सघन जांच, बिना नक्शा निर्माण पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई

झारखंड भवन उपविधि के अनुपालन को लेकर रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। 26 फरवरी 2026 को प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर भर में चल रहे निर्माण कार्यों की वैधता की जांच तेज करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से सभी जी+2 एवं बहुमंजिला भवनों की जोनवार टीम गठित कर सघन जांच की जाएगी। बिना स्वीकृत नक्शा या नियम विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित होगी। बैठक में सभी व्यावसायिक व आवासीय भवनों की गिफ्ट डीड की युद्धस्तर पर जांच, वैध भवन प्लान का समेकित डाटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया गया। भवन प्लान आवेदनों के समय पर निष्पादन का निर्देश भी दिया गया। अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर संबंधित भवन को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासक ने स्पष्ट किया कि नक्शा पास कराने और निर्माण शुरू करने से पूर्व बीपीएएमएस सिस्टम के माध्यम से प्रारंभ प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी पर भवन उपविधि की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, नगर निवेशक राम बदन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ये दिए गए प्रमुख निर्देश
जी+2 व बहुमंजिला भवनों की जोनवार सघन जांच की जाए। बिना स्वीकृत नक्शा के निर्माण किए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई करें। अवैध संरचना मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई हो। भवन प्लान आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। बीपीएएमएस से कार्य प्रारंभ करने का प्रमाण पत्र जरूर लिया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *