जुगसलाई में मनीष सिंह गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार:हथियार और कारतूस बरामद, रंगदारी वसूलने की थी तैयारी

जमशेदपुर में पुलिस ने कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां जुगसलाई थाना क्षेत्र के खरकई रेलवे ब्रिज के पास हुई हैं, जहां आरोपी अवैध हथियारों के साथ रंगदारी वसूलने की तैयारी में थे। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को 20 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष सिंह गिरोह के सदस्य जुगसलाई क्षेत्र में सक्रिय हैं और व्यवसायियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जुगसलाई थाना के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस दल ने गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई रेलवे ब्रिज के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई निवासी रौशन सिंह (28 वर्ष) और दीपक सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रौशन सिंह के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला, जबकि दीपक सिंह के पास से दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकीर आलम ने बताया कि मनीष सिंह गिरोह के सदस्य जुगसलाई समेत जमशेदपुर के कई व्यापारियों से धमकी देकर रंगदारी वसूलते हैं। वसूली गई रकम गिरोह के सरगना मनीष सिंह तक पहुंचाई जाती है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 20.02.2026 के तहत धारा 111 बीएनएस और 25(1-b)a/26/35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। रौशन सिंह के खिलाफ पूर्व में भी रंगदारी का मामला दर्ज है। दीपक सिंह का आपराधिक इतिहास और भी गंभीर है, जिसमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित तीन मामले शामिल हैं, जो जुगसलाई और सोनारी थानों में दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई से शहर के व्यवसायियों में राहत की भावना देखी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *