चूरू के घांघू गांव स्थित जीणमाता मंदिर में चोरी की वारदात हुई है। यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज सामने आया है। चोर 19 फरवरी की रात मंदिर में घुसे और चोरी को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर 19 फरवरी की रात करीब 1 बजकर 44 मिनट पर मंदिर परिसर में पहुंचा। वीडियो में दिख रहा है कि बदमाश जूते पहनकर मंदिर के अंदर घुसा। उसने पहले मंदिर के गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी
इसके बाद चोर ने दानपात्र को निशाना बनाया। फिर उसने दोबारा मंदिर के गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की और सफल होकर गर्भगृह में प्रवेश कर गया। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि आरोपी ने आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
रात करीब 2 बजकर 12 मिनट पर चोर चोरी करके मंदिर से फरार हो गया। चोर मंदिर से लगभग आठ किलो वजनी चांदी के 8 बड़े छत्र, कुछ सोने के सिक्के और दानपात्र से करीब 80 हजार रुपये नकद लेकर भागा।
घांघू निवासी 27 वर्षीय नवीन कुमार शर्मा ने इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।


