अजमेर संभाग के सबसे बड़े जेएलएन अस्पताल में बुधवार को वार्ड बॉय कर्मचारियों ने वेतन न मिलने की वजह से प्रदर्शन किया। करीब 300 से ज्यादा वार्ड बॉयज ने इमरजेंसी के बाहर इकट्ठा होकर नारेबाजी की और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर अरविंद खरे से मुलाकात की और अपनी समस्या बताई। अधीक्षक ने दो महीने का वेतन एक साथ दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी कर्मचारी काम पर लौट गए। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द वेतन नहीं मिला तो वे हड़ताल पर उतर आएंगे। वार्ड बॉय हेमंत चौहान ने बताया कि जेएलएन अस्पताल में 300 से ज्यादा वार्ड बॉय कार्यरत हैं, जो पन्नाधाय सिक्योरिटी एजेंसी के तहत काम कर रहे हैं। वे पिछले 6 महीनों से एजेंसी के जरिए सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन एजेंसी कभी समय पर वेतन नहीं देती। सितंबर से न तो वेतन मिला है और न ही पीएफ जमा किया गया है। चौहान ने कहा, इस समस्या से तंग आकर आज हम सभी ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। अधीक्षक से बातचीत के बाद आश्वासन मिला है, लेकिन अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो हम फिर से सड़क पर उतरेंगे।


